रांची
भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश की 96वीं कार्यसमिति बैठक 26-27 अप्रैल को विशालाक्षी बैंक्विट हॉल, रातू रोड, रांची में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 27 भारतीयों की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की गई। इस घटना में शहीद हुए नागरिकों के प्रति 2 मिनट की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए बलराम यादव ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ प्रदेश भर में मजदूरों के हित के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने इस बैठक में मजदूरों के हित से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को उठाया, जिनमें कोयला, एचईसी, साहिया, आंगनवाड़ी, ऑटो-ई रिक्शा, ठेका श्रमिक सहित अन्य मुद्दे शामिल थे। इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, और अंत में सदन ने भारत माता की जय बोलकर सभी प्रस्तावों को पारित किया।
कार्यक्रम के दौरान दो नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। एचईसी के महामंत्री रमा शंकर प्रसाद और केनरा बैंक के सीनियर मैनेजर संतोष साहू को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा, झारखंड प्रदेश में ठेका श्रमिकों के बीच एक महासंघ बनाने का निर्णय लिया गया, जिसे राज्य स्तरीय महासंघ के रूप में स्थापित किया जाएगा।
झारखंड प्रदेश के संगठन मंत्री बृजेश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि कुटुंब प्रबोधन के तहत समाज और परिवार में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि हमें अपने परिवारों में समय बिताने की आवश्यकता है और बच्चों को संस्कार देने की दिशा में काम करना चाहिए, ताकि भारत की संस्कृति और संस्कार बच सके।
भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मनाथ शुक्ला ने कहा कि दो दिनों तक चली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, विशेषकर मजदूरों की लड़ाई को सशक्त बनाने के लिए। सभी यूनियनों और विभाग प्रमुखों को मिलकर इन निर्णयों को लागू करने पर विचार करने की आवश्यकता है। बैठक के समापन पर भारतीय मजदूर संघ के प्रचारक डीके सदाशिव राव का आज प्रातः निधन हो गया। उनके योगदान को याद करते हुए दो मिनट का श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में झारखंड के सभी जिलों के प्रतिनिधि सहित प्रदेश अध्यक्ष बलराम यादव, महामंत्री राजीव रंजन सिंह, वित्त सचिव चंदन प्रसाद और अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।